Lakhimpur kheri news : ग्राम प्रहरियों के मानदेय में ₹1000 की बढ़ोतरी, अब हर माह मिलेंगे 3500 रुपये
lakhimpur kheri
8:55 PM, Oct 13, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये करने की घोषणा की है।


Share:
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
◆ पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री के ग्राम प्रहरी सम्मान सम्मेलन का हुआ सजीव प्रसारण, चौकीदारों में खुशी की लहर
लखीमपुर खीरी। जिले के ग्राम प्रहरियों (गांव के चौकीदारों) के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये करने की घोषणा की है। इस फैसले से उनके मानदेय में प्रतिमाह 1000 रुपये की वृद्धि होगी। घोषणा के बाद जिले के ग्राम प्रहरियों में खुशी का माहौल है।
मंगलवार को पुलिस लाइन लखीमपुर में मुख्यमंत्री के ग्राम प्रहरी सम्मान सम्मेलन का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अमित राय, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुधीर कुमार और क्षेत्राधिकारी सदर महक शर्मा सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्राम प्रहरी मौजूद रहे।
विज्ञापन
गांवों की सुरक्षा में निभाते हैं अहम भूमिका
ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे गांवों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने, अपराध नियंत्रण में सहयोग करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की मदद करते हैं। स्थानीय स्तर पर पुलिस और ग्रामीणों के बीच संपर्क स्थापित करने में भी उनकी अहम भूमिका रहती है।
मानदेय में 1000 रुपये की बढ़ोतरी को ग्राम प्रहरियों के योगदान के सम्मान और उनके आर्थिक सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे जिले के ग्राम प्रहरियों को अतिरिक्त आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।