Lakhimpur kheri news : बड़े बैनामों की जांच में खुली पोल, ओदरहना में 1.50 लाख रुपये स्टांप शुल्क की कमी पकड़ी
lakhimpur kheri
9:25 PM, Nov 28, 2026
बड़े बैनामों में स्टांप शुल्क की चोरी और संपत्तियों के कम मूल्यांकन पर प्रशासन की नजर अब सीधे जमीन तक पहुंच गई है।


Share:
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
★ डीएम अंजनी कुमार सिंह ने खुद मौके पर पहुंचकर की दो बड़े बैनामों की जांच, सर्किल रेट से लेकर बाजार मूल्य तक का कराया मिलान
★ एआईजी स्टांप को स्टांप कमी का वाद दर्ज कर पक्षकार से नियमानुसार वसूली के दिए निर्देश, बोले- राजस्व की क्षति बर्दाश्त नहीं
लखीमपुर खीरी। बड़े बैनामों में स्टांप शुल्क की चोरी और संपत्तियों के कम मूल्यांकन पर प्रशासन की नजर अब सीधे जमीन तक पहुंच गई है। शनिवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह ने स्वयं फूलबेहड़ ब्लॉक के ग्राम ओदरहना और महेवागंज पहुंचकर दो बड़े बैनामों की जांच की। मौके पर भूमि की वास्तविक स्थिति और बैनामे में दर्ज विवरण का मिलान कराया तो ओदरहना के एक बैनामे में करीब 1.50 लाख रुपये के स्टांप शुल्क की कमी सामने आई। डीएम ने तत्काल एआईजी स्टांप को स्टांप कमी का वाद दर्ज कर संबंधित पक्षकार से नियमानुसार वसूली की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम की इस कार्रवाई से स्टांप एवं निबंधन विभाग में हलचल रही। उन्होंने पहले उप निबंधक कार्यालय पहुंचकर अभिलेखों का अवलोकन किया। इसके बाद तहसील लखीमपुर के अंतर्गत ओदरहना और महेवागंज में संबंधित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि का स्वरूप, क्षेत्रफल, निर्माण की स्थिति, बाजार मूल्य और बैनामे में लगाए गए स्टांप शुल्क का बारीकी से परीक्षण कराया।
मौके पर खुली स्टांप शुल्क की कमी
विज्ञापन
ग्राम ओदरहना में बड़े बैनामे की जांच के दौरान अभिलेखों में दर्ज संपत्ति के विवरण और वास्तविक स्थिति का मिलान कराया गया। जांच में करीब 1.50 लाख रुपये के स्टांप शुल्क की कमी पाई गई। इस पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए एआईजी स्टांप अमिताभ कुमार को निर्देशित किया कि तत्काल स्टांप कमी का वाद दर्ज कर पक्षकार से नियमानुसार बकाया स्टांप शुल्क की वसूली सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने जांच और वसूली की कार्रवाई में किसी तरह की शिथिलता न बरतने की हिदायत दी।
सर्किल रेट और बाजार मूल्य का कराया मिलान
निरीक्षण के दौरान डीएम ने दोनों बैनामों में भूमि के मूल्यांकन की प्रक्रिया भी परखी। उन्होंने सर्किल रेट, वास्तविक बाजार मूल्य, भूमि की प्रकृति और संपत्ति के मूल्यांकन से जुड़े बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली। राजस्व अभिलेखों और मौके की स्थिति का मिलान कर यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि बैनामे में किसी तरह का गलत मूल्यांकन कर शासन को राजस्व की क्षति न पहुंचाई जाए।