Shahjahanpur news : रात्रि गश्त के दौरान हादसे में आरक्षी की मौत, पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी
shahjahanpur
8:09 PM, Oct 11, 2026
ड्यूटी के दौरान हुए सड़क हादसे में रोजा थाने में तैनात आरक्षी अंकित कुमार (35) की जान चली गई।


Share:
राहुल शुक्ला ब्यूरो
शाहजहांपुर। ड्यूटी के दौरान हुए सड़क हादसे में रोजा थाने में तैनात आरक्षी अंकित कुमार (35) की जान चली गई। साथी पुलिसकर्मी के असामयिक निधन से महकमे में शोक का माहौल है। रविवार को पुलिस लाइन शाहजहांपुर में शोक सलामी देकर दिवंगत आरक्षी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 और 11 अक्टूबर की मध्यरात्रि आरक्षी अंकित कुमार रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान उनका वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की जानकारी उनके परिजनों को भी दी गई।
दिवंगत आरक्षी अंकित कुमार, राकेश कुमार के पुत्र थे। वह मूल रूप से रामपुरी कॉलोनी, कोतवाली नगर, जनपद मुजफ्फरनगर के निवासी थे। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक व्याप्त हो गया।
विज्ञापन
रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारीगण तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने शोक सलामी देकर उन्हें नमन किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आरक्षी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।
शाहजहांपुर पुलिस ने दिवंगत आरक्षी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।