गंगा मैया पर बना छह लेन वाला दरगाह-बिदूपुर केबल ब्रिज को जनता के लिए समर्पित
patana
11:13 PM, Nov 21, 2026
इनमें गंगा मैया पर बना छह लेन वाला 'दरगाह-बिदूपुर केबल ब्रिज' भी शामिल है, जिसे नीतीश कुमार के सम्मान में ‘नीतीश सेतु’ नाम दिया गया है।


Share:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बिहार के वैशाली में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि लोक आस्था का महापर्व ‘छठ’ अभी संपन्न हुआ है। इस महापर्व के दौरान माताओं और बहनों ने अपने परिवार, समाज तथा पूरे विश्व के कल्याण के लिए कठिन ‘निर्जला’ व्रत रखा। श्री मोदी ने कहा, “अब, छठी मैया के आशीर्वाद से, हम यहां विकास का उत्सव मना रहे हैं।”
इस बात पर जोर देते हुए कि बिहार की विकास यात्रा 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र के साथ आगे बढ़ी है और इसमें लोकतंत्र की शक्ति को लोक-कल्याण का माध्यम बनाया गया है, प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की महान भूमि वैशाली को सरकार के मौजूदा कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के अवसर के लिए चुनना बिल्कुल उपयुक्त है। वैशाली और बिहार की मिट्टी को नमन करते हुए, उन्होंने इस उपलब्धि से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि कैसे लगभग तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद एवं भरोसे का एक नया रास्ता चुना था तथा मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार के लंबे कार्यकाल के दौरान राज्य ने सुशासन की दिशा में कदम बढ़ाए थे और अब उनके आशीर्वाद से सम्राट चौधरी इस यात्रा को आगे ले जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इनमें गंगा मैया पर बना छह लेन वाला 'दरगाह-बिदूपुर केबल ब्रिज' भी शामिल है, जिसे नीतीश कुमार के सम्मान में ‘नीतीश सेतु’ नाम दिया गया है। इस पुल के सामाजिक प्रभावों को रेखांकित करते हुए, प्रधानमंत्री ने बताया कि इससे पटना और वैशाली के बीच की दूरी एवं कठिनाइयां कम होने के साथ-साथ फसलों, फलों, सब्जियों, दूध और दही को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान हो जाएगा। श्री मोदी ने कहा, “इससे यहां के युवाओं को शिक्षा सुलभ होगी और बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।”
पूरे बिहार में आधुनिक सड़क नेटवर्क के तेजी से हो रहे विस्तार पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने छह-लेन वाले औरंगाबाद-चोरदाहा राजमार्ग के उद्घाटन और कई अन्य राजमार्ग परियोजनाओं के शिलान्यास का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इन परियोजनाओं पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़क नेटवर्क के साथ-साथ, बिहार में ऊर्जा तथा शहरी विकास के क्षेत्र में भी तेजी से बदलाव आ रहा है। बक्सर ताप विद्युत संयंत्र के निर्माण, पीरपैंती ताप विद्युत संयंत्र की पारेषण प्रणाली (ट्रांसमिशन सिस्टम) का शिलान्यास और फुलवरिया बांध पर सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना जैसी बड़ी पहलों का उल्लेख करते हुए, उन्होंने राज्य के अतीत और वर्तमान की तुलना की। श्री मोदी ने कहा, “एक समय था जब बिहार के हजारों गांवों में बिजली नहीं पहुंची थी; लेकिन आज बिहार बिजली उत्पादन का एक प्रमुख केन्द्र बन रहा है।”