Sonbhadra News : कार की पिछली सीट हटाकर छिपा रखा था 1.38 क्विंटल डोडा, पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय तस्कर दबोचे
sonbhadra
5:10 PM, Sep 5, 2026
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत दुद्धी पुलिस ने शनिवार को अन्तर्राज्यीय डोडा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके.....


ऑपरेशन शुद्धि के तहत डोडा बरामदगी का खुलासा करते एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल व सीओ दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी.....
Share:
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• झारखंड से बरेली जा रही थी नशीले पदार्थ की खेप, आर्टिका कार समेत 30 लाख का माल बरामद
सोनभद्र । मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत दुद्धी पुलिस ने शनिवार को अन्तर्राज्यीय डोडा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक क्विंटल 38 किलो 538 ग्राम अवैध डोडा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही आर्टिका कार और दो मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में ले लिए। बरामद डोडा और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दुद्धी विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को यह सफलता मिली।
रुकने के बजाय कार भगाई, पीछा कर पुलिस ने दबोचा -
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि "शनिवार सुबह करीब 9:45 बजे दुद्धी क्षेत्र के रजखड़ तिराहे पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि विंढमगंज की ओर से सफेद रंग की आर्टिका कार में संदिग्ध मादक पदार्थ लदा हुआ है और वाहन हाथीनाला की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने कार रोकने के बजाय उसे तेज गति से रजखड़ घाटी-हाथीनाला मार्ग की ओर भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा शुरू कर दिया और दुद्धी थाने की पुलिस को भी इसकी सूचना दी। पुलिस ने रजखड़ घाटी में चढ़ाई से पहले मोड़ पर घेराबंदी कर कार को रोक लिया। कार में सवार चालक और उसके साथी ने उतरकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने दोनों बरेली निवासी अनूप साहू (31वर्ष) पुत्र दीनानाथ और राहुल मौर्या (24वर्ष) पुत्र छत्रपाल मौर्या को घेरकर मौके पर ही दबोच लिया।"