Sonbhadra News : अतिक्रमणकारियों पर चला प्रशासन का डंडा, पटरियां कराई गईं खाली
sonbhadra
11:22 PM, Jul 2, 2026
जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज में गुरुवार को सड़क और पटरी पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। स्वर्ण जयंती चौक से शीतला मंदिर चौक तक पुलिस विभाग और नगर पालिका परिषद की संयुक्त.....


Share:
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• स्वर्ण जयंती चौक से शीतला मंदिर चौक तक हटाया गया अतिक्रमण
• दोबारा कब्जा करने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
सोनभद्र । जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज में गुरुवार को सड़क और पटरी पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। स्वर्ण जयंती चौक से शीतला मंदिर चौक तक पुलिस विभाग और नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम ने व्यापक अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।
विज्ञापन
अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) रणधीर मिश्रा ने किया। नगर पालिका कर्मियों और पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क एवं फुटपाथ पर रखे गए ठेले, अस्थायी निर्माण, टीन शेड, बांस-बल्ली और अन्य अवैध कब्जों को हटाया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक मार्ग और फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने कहा, "सार्वजनिक सड़क और फुटपाथ आम नागरिकों की सुविधा के लिए हैं। किसी भी व्यक्ति को इन पर अवैध कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी का उत्पीड़न करना नहीं, बल्कि शहर को व्यवस्थित बनाना और नागरिकों को जाम व असुविधा से राहत दिलाना है। इसलिए सभी व्यापारी और दुकानदार स्वयं आगे आकर सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करें।
संयुक्त अभियान के दौरान नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नगर में अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।