Sonbhadra Update News : कुएं में मिला युवक का शव, झारखंड निवासी के रूप में हुई पहचान
sonbadra
8:46 PM, May 6, 2026
कुएं से युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, अग्रवाल मार्केट निवासी सत्यदेव पाण्डेय ने पुलिस को सूचना दी।


Share:
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन/सोनभद्र। थाना चोपन क्षेत्र में बुधवार सुबह एक कुएं से युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक अग्रवाल मार्केट निवासी सत्यदेव पाण्डेय ने पुलिस को सूचना दी कि उनके कुएं से तेज दुर्गंध आ रही है। जब उन्होंने टॉर्च की रोशनी में अंदर देखा तो एक व्यक्ति का शव औंधे मुंह पड़ा दिखाई दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पहचान के लिए शव की तस्वीर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से साझा की गई। इसी दौरान मृतक के पास मिले मोबाइल से सिम निकालकर संपर्क करने पर उसकी बहन अनीता का नंबर मिला। फोटो भेजने पर मृतक की पहचान कजेस्तान टोप्पो पुत्र देवपोला टोप्पो, निवासी ग्राम गाडा असारों, थाना जारी, जिला गुमला (झारखंड) के रूप में हुई।
विज्ञापन
परिजनों के अनुसार, मृतक पहले बेंगलुरु में कुक के रूप में काम करता था और बाद में मुंबई में मजदूरी कर रहा था। करीब एक सप्ताह पहले उसने परिवार को बताया था कि वह उत्तर प्रदेश में है, जिसके बाद से उसका फोन बंद हो गया। परिजनों ने 1 मई को थाना जारी, जिला गुमला में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।