Sonbhadra News : आल्हा की हुंकार से जनजातीय उत्सव का भव्य आगाज़, गूंजा लोक-संस्कृति का स्वर
sonbhadra
8:14 PM, Mar 23, 2026
ढोल-नगाड़ों की गूंज, लोकगीतों की मधुरता और वीर रस से ओत-प्रोत आल्हा गायन के साथ जनपद में आज तीन दिवसीय जनजातीय उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति......


जनजातीय उत्सव की विभिन्न झलकियां.....
Share:
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । ढोल-नगाड़ों की गूंज, लोकगीतों की मधुरता और वीर रस से ओत-प्रोत आल्हा गायन के साथ जनपद में आज तीन दिवसीय जनजातीय उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में रॉबर्ट्सगंज स्थित संत कीनाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
उत्सव के प्रथम दिवस सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोबा से आए शरद अनुरागी एवं उनके दल ने वीर रस से भरपूर आल्हा गायन प्रस्तुत करते हुए वातावरण को उत्साह से सराबोर कर दिया। उनकी प्रस्तुति में आल्हा-ऊदल की वीर गाथाओं की गूंज सुनाई दी, जिसने श्रोताओं में जोश का संचार कर दिया। इसके पश्चात विभिन्न लोक एवं जनजातीय नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, इन प्रस्तुतियों ने जनजातीय जीवन की समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। वहीं राजस्थान से आए तेजकरण एवं उनके दल ने चकरी, चरी एवं भवई नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और खूब तालियां बटोरीं।
विज्ञापन
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी राम सकल चौबे एवं विशिष्ट अतिथियों शमशेर बहादुर, मोहन कुशवाहा, राजेश द्विवेदी, डॉ0 अशोक मिश्रा तथा बलवंत सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन के साथ किया। कार्यक्रम की रूपरेखा केंद्र निदेशक सुदेश शर्मा द्वारा तैयार की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक मनोज कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन आराध्या एवं गौरी द्वारा किया गया।