Sonbhadra News : नवरात्र के पहले दिन मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे सांसद प्रमोद तिवारी
mirzapur
6:28 PM, Mar 19, 2026
नवरात्र के पहले दिन कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी विंध्याचल धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी देवी का विधिवत दर्शन-पूजन किया।


Share:
० मोदी सरकार पर जमकर बरसे
मिर्जापुर। नवरात्र के पहले दिन कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी विंध्याचल धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी देवी का विधिवत दर्शन-पूजन किया। दर्शन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
प्रमोद तिवारी ने देश में गैस की किल्लत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मोदी सरकार इस पर लगातार गलत दावे कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि कोई यह कहता है कि गैस आसानी से उपलब्ध है, तो उसे मिर्जापुर की किसी गैस एजेंसी पर बिना सुरक्षा के भेज दिया जाए, उसे वास्तविक स्थिति का अंदाजा हो जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या के राम मंदिर में संचालित "राम रसोई" गैस के अभाव में बंद पड़ी है, जो सरकार के दावों की पोल खोलती है।
विज्ञापन
कांग्रेस सांसद ने कहा कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में यह संकल्प लिया गया था कि देश में हर हाल में 45 दिनों का गैस स्टोरेज सुनिश्चित किया जाएगा, लेकिन वर्तमान सरकार इस दिशा में पूरी तरह विफल रही है।
विदेश नीति पर भी हमला बोलते हुए तिवारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी की नीतियों ने भारत के पारंपरिक अंतरराष्ट्रीय संबंधों को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि सरकार विदेश नीति और आर्थिक मोर्चे पर पूरी तरह असफल रही है, जिसकी कीमत देश की 140 करोड़ जनता को चुकानी पड़ रही है।
उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार की गलत नीतियों का असर देश पर भारी पड़ रहा है। यदि मौजूदा वैश्विक हालात में युद्ध लंबा चलता है, तो भारत को गैस और पेट्रोलियम जैसे जरूरी संसाधनों के लिए गंभीर संकट का सामना करना पड़ सकता है।