Sonbhadra News : दुष्कर्म पीड़िता की इलाज के दौरान मौत, गर्भ में था 5 माह का बच्चा
sonbhadra
8:26 PM, Sep 30, 2026
बुधवार को लोढ़ी चौकी प्रभारी से सूचना मिली कि पीड़िता की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उसे लोढ़ी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।


Share:
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम के एक मुकदमे की नाबालिग पीड़िता की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि 12 अगस्त 2026 को घोरावल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी की तहरीर पर गांव के अनुराग विश्वकर्मा के विरुद्ध उनकी करीब 14 वर्षीय पुत्री के साथ दुष्कर्म करने, उसके गर्भवती होने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं, पॉक्सो अधिनियम और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
बृजेश सिंह ने बताया कि आरोपी अनुराग विश्वकर्मा को 27 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। जबकि पीड़िता को बालिका संरक्षण गृह, रॉबर्ट्सगंज में रखा गया था। बाद में 10 सितंबर को उसके पिता उसे अपने साथ घर ले गए थे।
विज्ञापन
बुधवार को लोढ़ी चौकी प्रभारी से सूचना मिली कि पीड़िता की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उसे लोढ़ी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने उपनिरीक्षक सुभाष यादव को पुलिस बल के साथ अस्पताल भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।