Sonbhadra News : मासूम से छेड़छाड़ के आरोपी पर फूटा भीड़ का गुस्सा, चप्पलों से पिटाई करते ले गए थाने, आरोपी गिरफ्तार
sonbhadra
12:04 AM, Mar 24, 2026
अनपरा थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्ची से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित वार्डवासियों ने आरोपी को उसकी दुकान से पकड़कर जमकर पिटाई की और करीब एक.....


Share:
जनपद न्यूज ब्यूरो
• ट्यूशन टीचर के गुड टच बैड टच के बारे में पढ़ाने पर रोते हुए आपबीती सुनाई मासूम
• मासूम से छेड़छाड़ का आरोपी निकला इलेक्ट्रिशियन
• आक्रोशित भीड़ ने आरोपी इलेक्ट्रिशियन की चप्पलों से पिटाई कर निकाला नगर में जुलूस
• बोले सीओ, फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलवा दिलवाएंगे जल्द से जल्द सजा
अनपरा । अनपरा थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्ची से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित वार्डवासियों ने आरोपी को उसकी दुकान से पकड़कर जमकर पिटाई की और करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए अनपरा थाने पहुंचाकर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना अनपरा नगर के वार्ड-14 मालवीय नगर चाणकपुरी आवासीय परिसर की है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, नुरिया मोहल्ला, अनपरा बाजार निवासी मुहम्मद फैज अली (44 वर्ष) क्षेत्र में इलेक्ट्रिकल रिपेयरिंग की दुकान चलाता था और घरों में बिजली व पंखा मरम्मत का कार्य करता था। आरोप है कि वह आलोक गुप्ता के घर काम के दौरान उनकी 9 वर्षीय बेटी के साथ कई बार गलत हरकत करता था। बच्ची डर के कारण अब तक चुप रही। सोमवार को सुबह करीब 11 बजे ट्यूशन पढ़ाने आई शिक्षिका शिवानी पांडेय बच्चों को “गुड टच-बैड टच” के बारे में समझा रही थीं। इसी दौरान बच्ची रोने लगी और उसने अपने साथ हुई आपबीती बताई। यह सुनते ही परिजन और आसपास की महिलाएं आक्रोशित हो गईं और आरोपी की दुकान पर पहुंच गईं।
पूछताछ के दौरान मामला बढ़ने पर गुस्साई भीड़ ने आरोपी को दुकान से बाहर निकालकर पिटाई शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। भीड़ आरोपी को पीटते हुए करीब एक किलोमीटर तक अनपरा थाने तक ले गई। इस दौरान घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पीड़िता की मां प्रीति गुप्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
थानाध्यक्ष सतेंद्र राय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।