Sonbhadra News : चोपन में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांच, खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
sonbhadra
4:31 PM, May 21, 2026
मैच में एसडीएम-11 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 10 ओवरों में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 79 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।


Share:
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । रेलवे रामलीला ग्राउंड में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट इन दिनों खेल प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। टूर्नामेंट में विभिन्न विभागों और संस्थानों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मैदान पहुंच रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले और दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
19 मई 2026 को आयोजित मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में मंडल यातायात प्रबंधक रंजीत कुमार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में आदर्श नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन टूर्नामेंट के मीडिया प्रभारी शाकिब खान ने किया। मैच में एसडीएम-11 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 10 ओवरों में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 79 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीटीएम-11 टीम ने संयमित बल्लेबाजी और बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य हासिल कर मुकाबले में जीत दर्ज कर ली। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मनीष कंट्रोलर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह सम्मान तहसीलदार ओबरा नरेंद्र राम एवं नायब तहसीलदार रजनीश कुमार यादव द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर आरपीएफ प्रभारी रूपेश कुमार, थाना प्रभारी चोपन अखिलेश मिश्रा, वी.के.डी. द्विवेदी, शत्रुघ्न भारती, मनीष कुमार, एम.पी. सिंह, अलीमुद्दीन, डी.एन. महतो, महेंद्र प्रसाद, कनक ओझा, ए.के. भारती, अखिलेश सिंह यादव, धीरेन्द्र कुमार, सूर्यकांत, बृजभान, संतोष कुमार, दीपक कुमार, विकास कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विज्ञापन
टूर्नामेंट के दूसरे दिन 20 मई 2026 को बैंक एवं टीचर टीम के बीच नॉकआउट मुकाबला खेला गया। इस मैच के मुख्य अतिथि ईसीआरयू यूनियन अध्यक्ष संतोष दुबे तथा विशिष्ट अतिथि आदर्श महाविद्यालय के प्रबंधक रिजवान अहमद रहे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीचर टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 89 रन बनाए, जो अब तक टूर्नामेंट का सर्वाधिक स्कोर रहा। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी बैंक टीम ने शुरुआती पांच ओवरों में शानदार खेल दिखाते हुए लगभग 40 रन बना लिए और मुकाबले में मजबूत स्थिति में दिखाई दी। लेकिन इसके बाद टीचर टीम के गेंदबाजों और फील्डरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। सटीक गेंदबाजी और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण के दम पर टीचर टीम ने बैंक टीम को लक्ष्य तक पहुंचने से रोकते हुए शानदार जीत दर्ज कर ली। मुकाबले के बाद मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अंकुश कुमार को विशिष्ट अतिथि रिजवान अहमद, बैंक एचडीएफसी टीम के कप्तान कुलदीप जैन तथा आयोजन समिति के सदस्य संतोष कुमार, प्रमोद कुमार, लालू यादव, सुजीत यादव एवं एससी-एसटी संगठन के पदाधिकारियों द्वारा प्रदान किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ रेलवे कर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों और नगरवासियों के बीच आपसी सौहार्द एवं भाईचारे को मजबूत करना है। टूर्नामेंट को मिल रहे उत्साहजनक समर्थन से पूरे रेलवे क्षेत्र एवं नगर में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बना हुआ है। दर्शकों का उत्साह और खिलाड़ियों का जोश प्रतियोगिता को यादगार बना रहा है।