युवा दिमाग क्या कुछ हासिल कर सकते हैं, इसकी कोई सीमा नहीं है- प्रधानमंत्री
kharagpur
10:57 PM, Nov 21, 2026
हाल ही में मनाए गए दिवाली उत्सव का जिक्र करते हुए, उन्होंने कहा कि उन्हें पता चला है कि आईआईटी खड़गपुर में दिवाली का उत्साह एकदम अनोखा होता है।


Share:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके सामने एक प्रतिभाशाली और आकांक्षी पीढ़ी मौजूद है, जो भारत के अतीत, वर्तमान और भविष्य से जुड़ी हुई है। यह पीढ़ी संस्थान की 75 वर्षों की यात्रा का जश्न मनाने और उसकी विरासत का सम्मान करने के लिए एकत्रित हुई है। प्रधानमंत्री ने आईआईटी खड़गपुर द्वारा 75 वर्षों में हासिल किए गए कई विशिष्ट उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक ऐसा दौर था, जिसमें भारत ने बैलगाड़ी से लेकर बुलेट ट्रेन तक और डाक पत्रों से लेकर सोशल मीडिया संदेशों तक बड़े बदलाव देखे – उन्होंने जोर देकर कहा कि देश के पहले आईआईटी के रूप में, इस संस्थान ने इन बदलावों के हर चरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। श्री मोदी ने कहा, "मैं यहां मौजूद सभी छात्रों, संकाय सदस्यों, पूरे स्टाफ और आईआईटी खड़गपुर के सभी पूर्व छात्रों को हार्दिक बधाई देता हूं।"
परिसर के जीवन की कुछ यादें हमेशा के लिए दिल में बस जाती हैं, इस बात को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि कई पूर्व छात्र दशकों बाद भी 'छेदी' के चाय पर हुई चर्चाओं को बहुत प्यार से याद करते होंगे। उन्होंने उल्लेख किया कि अन्य संस्थानों के छात्रावासों के विपरीत, आईआईटी खड़गपुर में ऐसे 'हॉल' (आवास) हैं, जिन पर हर छात्र को बहुत गर्व है। हाल ही में मनाए गए दिवाली उत्सव का जिक्र करते हुए, उन्होंने कहा कि उन्हें पता चला है कि आईआईटी खड़गपुर में दिवाली का उत्साह एकदम अनोखा होता है। यहाँ की रोशनी अपने आप में बेहद आकर्षक होती है और अलग-अलग हॉलों के बीच होने वाली प्रतियोगिता इसे और भी खास बना देती है। प्रधानमंत्री मोदी ने पूछा, "इस बार इस प्रतियोगिता में कौन सा हॉल जीता?"
बंगाल को विचारों को मजबूती देने और राष्ट्रीय आंदोलनों के जन्मस्थान के रूप में रेखांकित करते हुए, प्रधानमंत्री ने बताया कि आईआईटी खड़गपुर उसी जगह पर स्थित है, जहाँ कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए एक बंदी शिविर हुआ करता था। दशकों पहले, इसी जगह पर उन भारतीयों के अदम्य साहस को देखा गया था, जो स्वशासन चाहते थे और भारत को शिखर पर देखना चाहते थे। उन्होंने कहा कि आज उसी परिसर में ऐसे युवा तैयार हो रहे हैं, जिनके नवाचार और विचार भारत को 'आत्मनिर्भर' बनाने की ताकत बन रहे हैं। उन्होंने 'स्वशासन' और 'आजादी' के सपने की पुरानी आकांक्षा की तुलना आज के 'आत्मनिर्भरता' के संकल्प और भविष्य निर्माण के अवसरों से की। श्री मोदी ने जोर देकर कहा, "आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का यह सफर ही 'विकसित भारत' के निर्माण की असली ऊर्जा है।"
आईआईटी खड़गपुर की स्थापना एक ऐसे समय में हुई थी जब भारत को आजाद हुए कुछ ही समय हुआ था और पहला आम चुनाव भी नहीं हुआ था। उस दौर में देश को अपने उद्योगों और अवसंरचना के लिए इंजीनियरों की जरूरत थी। प्रधानमंत्री ने बताया कि जैसे-जैसे भारत की वैज्ञानिक क्षमताएं बढ़ीं, यहाँ के स्नातकों ने अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया। बाद में, सूचना प्रौद्योगिकी और वैश्विक अर्थव्यवस्था के दौर में, इन्होंने भारत के सॉफ्टवेयर उद्योग को मजबूत किया और दुनिया की बड़ी कंपनियों का नेतृत्व किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह संस्थान हर दौर में राष्ट्र-निर्माण की अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए हमेशा आगे रहा है। 'विकसित भारत' की ओर बढ़ते हुए, इस संस्थान के 75 वर्षों का अनुभव देश के विकास और नवाचार में बड़ी भूमिका निभाएगा। उन्होंने छात्रों पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि आज के 'आकांक्षी भारत' के सपनों को पूरा करने में आप कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।"