UP News : गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर ध्रुव त्रिपाठी की जीत, 307 मतों से राजीव यादव को हराया
gorakhpur
8:16 PM, Oct 28, 2026
पूरी प्रक्रिया के दौरान जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर दीपक मीणा, डीआईजी एस. चन्नप्पा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।


Share:
० 35 घंटे चली मतगणना के बाद परिणाम घोषित
० 1,600 मतपत्रों को लेकर निर्दलीय प्रत्याशी ने उठाए सवाल
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने 307 मतों से जीत हासिल की। करीब 35 घंटे तक चली मतगणना के बाद बुधवार को मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर इंद्र विक्रम सिंह ने परिणाम घोषित किया। ध्रुव त्रिपाठी को 14,887 मत मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव के खाते में 14,580 मत आए।
मतगणना 27 अक्टूबर की सुबह आठ बजे शुरू हुई थी। द्वितीय वरीयता के मतों की गणना और 14 प्रत्याशियों के एलिमिनेशन की प्रक्रिया के चलते परिणाम आने में लंबा समय लगा। पूरी प्रक्रिया के दौरान जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर दीपक मीणा, डीआईजी एस. चन्नप्पा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।
विज्ञापन
जीत के बाद पत्रकारों से बातचीत में ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने पुरानी पेंशन बहाली को राष्ट्रीय मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में निर्णय राष्ट्रीय नेतृत्व को लेना है। साथ ही शिक्षकों के हितों के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
चुनाव में पराजित निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव ने परिणाम पर असंतोष जताते हुए मतगणना प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि करीब 1,600 मतपत्रों पर एक और दो के अंक एक ही पेन से लिखे गए हैं। उन्होंने संबंधित मतपत्रों की फॉरेंसिक जांच कराने और परिणाम को न्यायालय में चुनौती देने की बात कही।