UP News : पूर्व IAS दिव्या मित्तल की राजनीति में एंट्री, जनता के साथ मिलकर नई शुरुआत का ऐलान
lucknow
8:27 PM, Sep 29, 2026
दिव्या मित्तल ने कहा कि वह राजनीति में किसी राजनीतिक दल के झंडे के नीचे आने के बजाय सीधे जनता के साथ मिलकर आगे बढ़ना चाहती हैं।


Share:
लखनऊ । प्रशासनिक सेवा से अलग होने के बाद पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने अगले कदम को लेकर तस्वीर साफ कर दी है। वीडियो संदेश के जरिए उन्होंने राजनीति में आने का ऐलान किया है।
दिव्या मित्तल ने कहा कि वह राजनीति में किसी राजनीतिक दल के झंडे के नीचे आने के बजाय सीधे जनता के साथ मिलकर आगे बढ़ना चाहती हैं। उनका कहना है कि प्रशासनिक जिम्मेदारी के दौरान उन्हें आम लोगों की समस्याओं को करीब से समझने का अवसर मिला और अब इन्हीं मुद्दों को लेकर नई भूमिका में काम करने का फैसला किया है।
वीडियो संदेश में उन्होंने व्यवस्था से जुड़े कई सवाल उठाए। उन्होंने स्कूल, सड़क, रोजगार और ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि कई बार संसाधन और नियम उपलब्ध होने के बावजूद काम अपेक्षित गति से नहीं हो पाता।
उन्होंने युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जाहिर की। उनका कहना है कि आम परिवारों के बच्चों के भविष्य से जुड़े सवालों पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है।
विज्ञापन
दिव्या मित्तल ने स्पष्ट किया कि उनकी राजनीतिक पहल का आधार आम लोगों की भागीदारी होगी। उन्होंने लोगों से साथ आने और अपनी समस्याओं एवं सुझावों को साझा करने की अपील भी की।
पूर्व आईएएस अधिकारी के इस ऐलान के साथ उनके प्रशासनिक जीवन के बाद राजनीतिक सफर की शुरुआत को लेकर चर्चा तेज हो गई है।