UP News : 28 साल पुराने आगजनी और मारपीट मामले में पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारी लाल कंछल को 3 साल की जेल
lucknow
6:19 PM, Nov 24, 2026
आरोप था कि प्रदर्शन के दौरान व्यापार कर भवन में घुसकर सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया था। साथ ही व्यापार कर अधिकरण के अध्यक्ष की एम्बेसडर कार में आग लगा दी गई थी।


Share:
लखनऊ । करीब 28 साल पुराने आगजनी, तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारी लाल कंछल को अदालत ने तीन साल की जेल की सजा सुनाई है। एमपी-एमएलए कोर्ट ने पूर्व सांसद समेत तीन दोषियों को 3-3 साल के कारावास की सजा सुनाते हुए जुर्माना भी लगाया है। अदालत के इस फैसले के बाद पुराने मामले में लंबे समय से चल रही कानूनी लड़ाई का अंत हुआ।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला वर्ष 1998 का है। उस समय व्यापार कर भवन में आगजनी, तोड़फोड़ और सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना हुई थी। आरोप था कि प्रदर्शन के दौरान व्यापार कर भवन में घुसकर सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया था। साथ ही व्यापार कर अधिकरण के अध्यक्ष की एम्बेसडर कार में आग लगा दी गई थी।
इस मामले में पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारी लाल कंछल समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई लंबे समय तक अदालत में चलती रही। करीब 28 साल बाद एमपी-एमएलए कोर्ट ने मामले में फैसला सुनाते हुए बनवारी लाल कंछल, हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल को दोषी करार दिया।
विज्ञापन
अदालत ने तीनों दोषियों को 3-3 साल की जेल की सजा सुनाई। वहीं, पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल पर 36 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
करीब तीन दशक पुराने इस मामले में अदालत के फैसले से राजनीतिक और कारोबारी हलकों में चर्चा तेज हो गई है।