UP News : जहरीली गैस की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत, एक की हालत गंभीर
mathura
8:08 PM, Oct 7, 2026
मृतकों में कौशांबी निवासी आर्यन पांडेय, मध्य प्रदेश के विदिशा निवासी देवांश शर्मा और अनूप कुमार समेत चार छात्र बताए जा रहे हैं। सभी मृतक छात्रों की उम्र करीब 17 से 19 वर्ष के बीच बताई जा रही है।


Share:
मथुरा। वृंदावन के चैतन्य बिहार स्थित महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुल में टैंक की सफाई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे से हड़कंप मच गया। टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मृतक छात्रों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
मृतकों में कौशांबी निवासी आर्यन पांडेय, मध्य प्रदेश के विदिशा निवासी देवांश शर्मा और अनूप कुमार समेत चार छात्र बताए जा रहे हैं। सभी मृतक छात्रों की उम्र करीब 17 से 19 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद जब मृतक छात्रों के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो वहां चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने गुरुकुल के संस्थापक और संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों का कहना है कि उनके बच्चों का गुरुकुल में अगस्त महीने में दाखिला कराया गया था और इसके लिए उनसे मोटी फीस भी ली जा रही थी। आरोप है कि गुरुकुल में छात्रों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।
बिना सुरक्षा इंतजाम छात्रों को टैंक में उतारने पर सवाल
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और सुरक्षा व्यवस्था के छात्रों को टैंक के अंदर सफाई के लिए कैसे उतारा गया?
विज्ञापन
घटना ने गुरुकुल प्रशासन की कार्यप्रणाली और वहां छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में अब भवन, हॉस्टल, फायर सेफ्टी और अन्य सुरक्षा मानकों को लेकर प्रशासनिक जांच की मांग तेज हो गई है।
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं और घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।
फिलहाल हादसे के बाद जांच और कार्रवाई का इंतजार है। चार छात्रों की मौत ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।