UP News : मारुति सुजुकी में नौकरी का सुनहरा अवसर, पढ़ें पूरी जानकारी
lucknow
7:37 PM, May 19, 2026
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड द्वारा यूपी के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 21 एवं 22 मई को लखनऊ स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अलीगंज में एक विशाल कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया जा


Share:
लखनऊ । देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड द्वारा उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 21 एवं 22 मई 2026 को लखनऊ स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अलीगंज परिसर में एक विशाल कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया जाएगा। इस भर्ती अभियान के माध्यम से हरियाणा स्थित कंपनी के प्लांटों के लिए फिक्स्ड टर्म एम्प्लॉई (FTE) पदों पर चयन किया जाएगा।
राजकीय आईटीआई के प्लेसमेंट ऑफिसर एम. ए. खान ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत 21 मई को प्रातः 10:00 बजे से अभ्यर्थियों का प्रारंभिक असेसमेंट (लिखित/तकनीकी परीक्षा) आयोजित किया जाएगा, जबकि 22 मई को चयनित अभ्यर्थियों के साक्षात्कार संपन्न होंगे। इस भर्ती में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए खरखौदा (सोनीपत) प्लांट तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए मानेसर (गुरुग्राम) प्लांट में अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित वेतन लगभग 32,000 रुपए प्रति माह तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए 41,713 रुपए प्रति माह (सीटीसी) प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त कंपनी द्वारा नियमानुसार अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी, जिनमें महिला अभ्यर्थियों हेतु सब्सिडी युक्त भोजन एवं वर्दी जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
विज्ञापन
इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का हाईस्कूल न्यूनतम 40 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही फिटर, वेल्डर, मशीनिस्ट, मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, पेंटर, टर्नर, टूल एंड डाई मेकर, शीट मेटल वर्कर एवं ऑटो बॉडी रिपेयर जैसे मैकेनिकल ट्रेड्स में एनसीवीटी/एससीवीटी मान्यता प्राप्त आईटीआई उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को अपने साथ हाईस्कूल एवं आईटीआई की अंकतालिकाएं, प्रमाण पत्र, आधार कार्ड एवं पैन कार्ड की मूल प्रति तथा छायाप्रति लाना अनिवार्य होगा।
भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है। किसी भी प्रकार के बिचौलियों या अनधिकृत व्यक्तियों से सावधान रहने की अपील की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट marutisuzuki.com/corporate/careers पर ‘Flexi Workmen’ लिंक के माध्यम से पूर्व पंजीकरण सुनिश्चित कर लें, जिससे चयन प्रक्रिया में भागीदारी सुगम हो सके।