UP News : HC का बड़ा फैसला, यूपी पीसीएस 2025 की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट रद्द
prayagraj
5:50 PM, Nov 27, 2026
याचिका में आरोप था कि सामान्य वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थियों से अधिक अंक के बावजूद उन्हें ओपन कैटेगरी में जगह नहीं दी गई।


Share:
प्रयागराज । इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए यूपी लोक सेवा आयोग की यूपी पीसीएस 2025 की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट रद्द कर दिया है। हाईकोर्ट ने यूपी लोक सेवा आयोग को नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार करने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने अपने फैसले में संशोधित रिजल्ट के आधार पर मुख्य परीक्षा दोबारा कराए जाने का आदेश दिया है। कोर्ट के इस आदेश के मुताबिक अब इंटरव्यू भी नए सिरे से आयोजित होंगे। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों संजय कुमार और तीन अन्य की ओर से याचिका दाखिल की गई थी। जस्टिस मनीष कुमार निगम की सिंगल बेंच ने यह फैसला सुनाया है। हालांकि आयोग के पास इस फैसले के खिलाफ डिवीजन बेंच में विशेष अपील करने का विकल्प खुला हुआ है।
याचिका में आयोग के 9 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन और भर्ती विज्ञापन की संबंधित शर्तों को चुनौती दी गई थी। याचिका में आरोप था कि सामान्य वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थियों से अधिक अंक के बावजूद उन्हें ओपन कैटेगरी में जगह नहीं दी गई। मेरीटोरियस रिजर्व कैटेगरी के तहत ओपन कैटेगरी में माइग्रेशन का लाभ देने की याचिका में मांग की गई थी। हाईकोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद फैसला 28 सितंबर को सुरक्षित कर लिया था। यूपीपीसीएस 2025 के कुल 814 पदों पर भर्ती होनी है। प्रारंभिक परीक्षा के लिए 626387 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इसमें से 265270 थी दोनों पेपर में शामिल हुए थे। प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर 11727 अभ्यर्थी मुक्त परीक्षा में सफल घोषित किए गए थे। इनमें से 10,284 अभ्यर्थियों ने मेंस परीक्षा दी थी। इसके बाद 2297 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किए गए थे। आयोग ने 24 अक्टूबर को साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कर ली थी। पीसीएस 2025 का अंतिम रिजल्ट आयोग ने अभी घोषित नहीं किया गया था।
विज्ञापन