UP News : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, इटावा के DFO और चालक की मौत
etawah
3:02 PM, Sep 29, 2026
जानकारी के मुताबिक, विकास नायक अपनी एक्सयूवी-700 कार से लखनऊ से नोएडा की ओर जा रहे थे। वाहन में उनके साथ चालक देवांश और केशवती नाम की महिला भी सवार थीं।


Share:
इटावा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे मंगलवार को एक और दर्दनाक सड़क हादसे का गवाह बना। नगला खंगर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 69 के पास हुए भीषण हादसे में इटावा के DFO विकास नायक और उनके चालक देवांश की मौत हो गई। दुर्घटना में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, विकास नायक अपनी एक्सयूवी-700 कार से लखनऊ से नोएडा की ओर जा रहे थे। वाहन में उनके साथ चालक देवांश और केशवती नाम की महिला भी सवार थीं। एक्सप्रेसवे पर अचानक हुए हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि DFO विकास नायक और चालक देवांश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल केशवती को तत्काल सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया गया कि दुर्घटना की चपेट में एक स्कॉर्पियो भी आ गई। उसमें सवार डेविड ब्रेन डिसूजा और उनकी पत्नी ममता डिसूजा घायल हो गए। दोनों को भी उपचार के लिए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
विज्ञापन
इटावा के जिला वन अधिकारी विकास नायक की मौत की खबर से वन विभाग और प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर है। तीनों घायलों का सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में इलाज जारी है।
एक दिन पहले बाराबंकी के CO की हुई थी मौत
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसों का सिलसिला लगातार चिंता बढ़ा रहा है। इससे एक दिन पहले इसी एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में बाराबंकी के क्षेत्राधिकारी नरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में उनकी मौत हो गई थी।