UP News : कुशीनगर में भीषण सड़क हादसा, सात लोगों की मौत, एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल
kushinagar
11:30 AM, Nov 2, 2026
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद अपने परिवार और परिचितों के साथ देवराज पिपरा में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे।


Share:
कुशीनगर। जिले में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हाटा कोतवाली क्षेत्र के हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरुआडीह के समीप पेट्रोल पंप के पास ओमनी वैन और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद अपने परिवार और परिचितों के साथ देवराज पिपरा में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी देर रात वैन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाटा क्षेत्र में उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
दुर्घटना में कन्हैया प्रसाद, उनके पिता रामबेलास, राम मिलन, आयुष समेत सात लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
विज्ञापन
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने काफी प्रयास के बाद वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवारों में मातम छा गया।
उधर, दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।