UP News : अलीगढ़ में 5 करोड़ की चरस के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का खुलासा, चार गिरफ्तार
aligarh
7:48 PM, Oct 4, 2026
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद 45 किलो चरस को 80 पैकेटों में पाया। तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही एक इनोवा कार भी पुलिस ने बरामद की है। जांच में सामने आया कि...


Share:
अलीगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिविल लाइन पुलिस और क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग नगर की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 45 किलो चरस बरामद की है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई गई है।
एसपी सिटी आदित्य बंसल ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में तीन आरोपी बिहार के रक्सौल और एक आरोपी नेपाल का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नेपाल से चरस लाकर अलीगढ़ और आसपास के जिलों में इसकी सप्लाई करते थे।
80 पैकेट में मिली चरस
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद 45 किलो चरस को 80 पैकेटों में पाया। तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही एक इनोवा कार भी पुलिस ने बरामद की है। जांच में सामने आया कि तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी।
13 सितंबर के मामले से भी कनेक्शन की जांच
पुलिस अब इस गिरोह के तार 13 सितंबर को बरामद हुई 16 किलो चरस के मामले से भी जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों मामलों में गिरफ्तार या फरार आरोपियों के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य नेपाल से मादक पदार्थ की खेप लाकर अलीगढ़ समेत आसपास के जिलों में अलग-अलग माध्यमों से सप्लाई करते थे। पूछताछ के आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
एसओजी टीम को मिलेगा 25 हजार का इनाम
अंतरराज्यीय चरस तस्करी गिरोह का खुलासा करने वाली पुलिस और एसओजी टीम की कार्रवाई की अधिकारियों ने सराहना की है। कार्रवाई करने वाली एसओजी टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।