UP News : नेपाल से सटे सभी सीमावर्ती जनपदों में पुलिस चौबीसों घंटे रहे हाई अलर्ट- CM योगी आदित्यनाथ
lucknow
9:48 PM, Sep 9, 2025
CM योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण द्वारा उत्तर प्रदेश के नेपाल से सटे सभी सीमावर्ती जनपदों में पुलिस को चौबीसों घंटे हाई अलर्ट पर रहने हेतु आदेशित किया गया है ।


Share:
लखनऊ । नेपाल में असामान्य और संवेदनशील परिस्थियों के दृष्टिगत मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण द्वारा उत्तर प्रदेश के नेपाल से सटे सभी सीमावर्ती जनपदों में पुलिस को चौबीसों घंटे हाई अलर्ट पर रहने हेतु आदेशित किया गया है।
उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जनपदों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने हेतु अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा गश्त और निगरानी को सुदृढ़ किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
नेपाल में फँसे भारतीय नागरिकों की सहायता हेतु पुलिस मुख्यालय लखनऊ में अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था के अधीन क़ानून व्यवस्था शाखा में एक विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यहाँ पर तीन हेल्पलाइन नंबर तथा एक व्हाट्सएप नंबर 24×7 संचालित रहेंगे, जिनके माध्यम से नागरिक सीधे मदद प्राप्त कर सकेंगे।
1- 0522-2390257
2- 0522-2724010
विज्ञापन
3- 9454401674
WhatsApp- 9454401674
इसके अतिरिक्त, पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया इकाई को निर्देशित किया गया है कि नेपाल से संबंधित किसी भी संवेदनशील सूचना अथवा पोस्ट की सतत निगरानी की जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्यवाही की जाए।
उत्तर प्रदेश पुलिस राज्य की कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नेपाल में फँसे भारतीय नागरिकों को हरसंभव मदद प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।