UP News : प्रयागराज में 20 हजार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार
prayagraj
8:05 PM, Sep 29, 2026
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन थाना प्रयागराज की टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की। शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद 14 सदस्यीय ट्रैप टीम का गठन किया गया।


Share:
प्रयागराज। नगर निगम में तैनात राजस्व निरीक्षक राधा देवी को एंटी करप्शन टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई नगर निगम कार्यालय के जोन-7, फाफामऊ में की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ फाफामऊ थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शांतिपुरम गद्दोपुर, फाफामऊ निवासी शाकिर अहमद ने एंटी करप्शन विभाग में शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनकी माता के नाम पंजीकृत मकान के बढ़े हुए गृहकर को संशोधित करने के एवज में नगर निगम की राजस्व निरीक्षक राधा देवी द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन थाना प्रयागराज की टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की। शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद 14 सदस्यीय ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने लोक सेवक साक्षियों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता के साथ मिलकर कार्रवाई की योजना बनाई।
निर्धारित योजना के तहत शाकिर अहमद को रिश्वत की रकम लेकर राजस्व निरीक्षक के पास भेजा गया। जैसे ही राधा देवी ने 20 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, एंटी करप्शन टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम ने राजस्व निरीक्षक राधा देवी के खिलाफ फाफामऊ थाने में मुकदमा दर्ज कराया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई फाफामऊ थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।
बताया गया है कि गिरफ्तार राजस्व निरीक्षक राधा देवी मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के मांधाता थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं।