UP News : अमेठी के सलमान खान ने एशियन गेम्स में जीता कांस्य पदक, किसान परिवार से निकलकर रचा इतिहास
amethi
9:14 AM, Sep 25, 2026
परिवार के अनुसार, सलमान का सफर आसान नहीं रहा। संघर्ष के दौर में उन्होंने शहर में ओला चलाकर परिवार की आर्थिक मदद की। पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने खेल के प्रति अपना जुनून भी बनाए रखा।


Share:
अमेठी। जिले के तिलोई क्षेत्र के पूरे सिंगई खेरौना गांव निवासी सलमान खान ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। जापान के नागोया में आयोजित एशियन गेम्स-2026 की नौकायन प्रतियोगिता में सलमान ने कांस्य पदक हासिल किया।
सलमान की इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही उनके परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजन उनकी सफलता से बेहद उत्साहित हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में सलमान देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब होंगे।
परिवार के अनुसार, सलमान का सफर आसान नहीं रहा। संघर्ष के दौर में उन्होंने शहर में ओला चलाकर परिवार की आर्थिक मदद की। पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने खेल के प्रति अपना जुनून भी बनाए रखा। लगातार मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता तक का सफर तय किया।
विज्ञापन
सलमान की सफलता पर अमेठी के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने भी उन्हें बधाई दी है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री और अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी ने फोन पर सलमान के परिवार से बात कर उन्हें इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच तक पहुंचे सलमान खान की कामयाबी अब क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का विषय बन गई है।