UPESSC ने निकाली 17,735 सहायक अध्यापकों की भर्ती, 24 अक्टूबर से आवेदन
prayagraj
9:17 PM, Oct 23, 2026
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी।


Share:
◆ बालक विद्यालयों में 16,193 और बालिका विद्यालयों में 1,542 पदों पर होगा चयन, दिसंबर में प्रस्तावित परीक्षा
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में सहायक अध्यापक (स्नातक वेतनक्रम) के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन संख्या 07/2026 जारी किया है। इस भर्ती के तहत कुल 17,735 पदों पर चयन किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी।
आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, बालक विद्यालयों में 16,193 और बालिका विद्यालयों में 1,542 पद निर्धारित किए गए हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर 2026 है, जबकि आवेदन पत्र में संशोधन का अंतिम अवसर 26 नवंबर तक मिलेगा। चयन परीक्षा 23 और 24 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।
ऑनलाइन आवेदन के लिए OTR अनिवार्य
अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना होगा। आवेदन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.upessc.up.gov.in के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। डाक या किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र भरते समय सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक दर्ज करने की सलाह दी है, क्योंकि अंतिम रूप से आवेदन जमा होने के बाद श्रेणी, जन्मतिथि और लिंग जैसी जानकारियों में बदलाव की अनुमति नहीं होगी।
श्रेणीवार निर्धारित है आवेदन शुल्क
विज्ञापन के मुताबिक सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग सहित संबंधित श्रेणियों के लिए आवेदन शुल्क 1,000 रुपये निर्धारित किया गया है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को 500 रुपये तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों को 300 रुपये शुल्क देना होगा।
21 से 62 वर्ष निर्धारित आयु सीमा
सहायक अध्यापक पद के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी और अधिकतम आयु सीमा 62 वर्ष है। चयनित पदों का वेतनमान पे-लेवल-7 के अंतर्गत 44,900 रुपये से 1,42,400 रुपये तक निर्धारित है।